Trending Now

बीकानेर,गोगागेट ऋग्वेदी ब्राह्मण गायत्री मंदिर, गोगा गेट परिसर में आज नृसिंह जयंती महोत्सव अत्यंत श्रद्धा, उत्साह एवं भव्यता के साथ मनाया गया। इस अवसर पर श्री लोकमानी नरसिंह भगवान का 101 किलो पंचामृत से वैदिक विधि-विधान अनुसार अभिषेक किया गया, जिसमें ऋग्वेदीय राका वेद पाठशाला के वेदपाठी ब्राह्मणों एवं वैदिक मित्रों की विशेष सहभागिता रही।
कार्यक्रम के अंतर्गत भगवान का विशेष पूजन एवं आकर्षक श्रृंगार किया गया। प्रातःकाल से ही हिरण्यकश्यप का रूप धारण किए युवा बच्चों की टोलियों ने मोहल्ले में “हिरण्यकश्यप, कृष्ण गोविंद, प्रहलाद बचें” के उद्घोष के साथ भ्रमण कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
सायंकाल मोहल्ले के चौक में भक्त प्रहलाद की प्रार्थना पर त्रिकाल संध्या के समय थंभ फाड़कर भगवान नरसिंह का अवतार हुआ। तत्पश्चात नरसिंह भगवान एवं हिरण्यकश्यप के मध्य भयंकर युद्ध का मंचन किया गया, जिसमें अंततः भगवान नरसिंह ने अत्याचारी हिरण्यकश्यप का वध किया। वध के उपरांत महाआरती का आयोजन किया गया।
गोगा गेट परिसर में नृसिंह मेले के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में दो दिवसीय रजत जयंती समारोह का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम में भक्त प्रहलाद की भूमिका नव्या रावत, हिरण्यकश्यप की भूमिका हरी गहलोत तथा भगवान नरसिंह का स्वरूप तुलसीदास पारीक ने प्रभावशाली ढंग से निभाया।
मंदिर के पुजारी पंडित वेद प्रकाश शर्मा के सानिध्य में समस्त धार्मिक अनुष्ठान सम्पन्न हुए। कार्यक्रम के पश्चात श्रद्धालुओं को पंचामृत, पंजीरी, मिष्ठान एवं आइसक्रीम का वितरण किया गया।
श्री माँ गायत्री मंडल सेवा संस्थान के अध्यक्ष पंडित काशी प्रसाद तिवारी ने रजत जयंती समारोह के सफल आयोजन पर सभी श्रद्धालुओं, कार्यकर्ताओं एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर रुपेश सोनी, नारायण प्रसाद शर्मा, मारुति पुरोहित, भरत दाधीच, नारायण प्रजापत, दिनेश कच्छावा, लक्ष्मी नारायण ओझा, दयानिधि तिवारी, पवनेश मिश्रा, महावीर साँखी, भीमसेन भादनी सहित अनेक गणमान्यजन एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
जारीकर्ता:काशी प्रसाद तिवाड़ी अध्यक्ष
श्री माँ गायत्री मंडल सेवा संस्थान, बीकानेर

Author