














बीकानेर,नियमित टीकाकरण को बढ़ावा देने, जीरो-डोज़ बच्चों की पहचान एवं उनका टीकाकरण सुनिश्चित करने तथा समुदाय में टीकाकरण के प्रति सकारात्मक वातावरण बनाने के उद्देश्य से दिशा आरसीडीएसएसएस, अजमेर द्वारा संचालित एवं यूनिसेफ समर्थित गावी जीरो-डोज़ टीकाकरण कार्यक्रम के तहत टी.बी. क्लीनिक प्रशिक्षण हॉल में जिला स्तरीय प्रभावशाली व्यक्तियों एवं धर्मगुरुओं का आमुखीकरण एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. भवानी शंकर गहलोत ने कहा कि समय पर टीकाकरण बच्चों को गंभीर बीमारियों से बचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने प्रभावशाली व्यक्तियों एवं धर्मगुरुओं से समुदाय में टीकाकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा वंचित बच्चों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने में सहयोग की अपील की।
*सामुदायिक प्रभाव का सकारात्मक उपयोग जरूरी*
यूनिसेफ राज्य प्रतिनिधि रियाद ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से प्रभावशाली व्यक्तियों एवं धर्मगुरुओं की सामुदायिक भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि समुदाय में उनकी बात को विशेष महत्व दिया जाता है। ऐसे में उनके सकारात्मक संदेश से टीकाकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण सहयोग मिल सकता है।
डब्ल्यूएचओ एसएमओ डॉ. अनुरोध तिवारी ने टीकाकरण से संबंधित तकनीकी जानकारी साझा करते हुए टीकों से जुड़ी भ्रांतियों के निराकरण की जानकारी दी। यूएनडीपी प्रोग्राम ऑफिसर योगेश शर्मा ने वैक्सीन की उपलब्धता एवं सप्लाई चेन व्यवस्था के बारे में विस्तार से जानकारी साझा की।
पूर्व यूआईटी चेयरमैन मकसूद अहमद ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए सभी प्रभावशाली व्यक्तियों एवं धर्मगुरुओं से जीरो-डोज़ बच्चों तक टीकाकरण सेवाएं पहुंचाने में सक्रिय सहयोग की अपील की।
*40 प्रभावशाली व्यक्तियों एवं सहयोगियों का सम्मान*
इस अवसर पर जिले में जीरो-डोज़ टीकाकरण कार्यक्रम में उल्लेखनीय सहयोग करने वाले डॉ. एम.ए. दाऊदी सहित 40 प्रभावशाली व्यक्तियों एवं सहयोगियों को प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया गया। प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए समुदाय में नियमित टीकाकरण को बढ़ावा देने तथा जीरो-डोज़ बच्चों की पहचान एवं टीकाकरण में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम में दिशा आरसीडीएसएसएस–यूनिसेफ की टीम से जिला समन्वयक सलमान खान, ब्लॉक समन्वयक शिव शंकर, साजिद, मैना, रोहिता, सुखजीत, सोफिन, सुनील एवं शंकरलाल सहित प्रभावशाली व्यक्ति, धर्मगुरु एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में जिला समन्वयक सलमान खान ने सभी अतिथियों, सम्मानित प्रतिभागियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए जीरो-डोज़ बच्चों को नियमित टीकाकरण से जोड़ने के लिए निरंतर सामुदायिक सहयोग की अपील की।
“`
