











बीकानेर,जिला प्रशासन एवं राव बीकाजी संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में बीकानेर के 539वें स्थापना दिवस के अवसर पर रविवार को मुख्य समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शहर की गौरवशाली विरासत, सांस्कृतिक समृद्धि और विकास की दिशा में सामूहिक प्रयासों पर विशेष जोर दिया गया।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बीकानेर पश्चिम विधायक जेठानंद व्यास उपस्थित रहे। उनके साथ संभागीय आयुक्त विश्राम मीणा,महानिदेशक पुलिस ओमप्रकाश, जिला कलेक्टर निशांत जैन,पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा,डॉ.सत्यप्रकाश आचार्य,राजवीर सिंह चलकोई एवं के.पी. सिंह सिसोदिया विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ.गिरिजा शंकर शर्मा ने की, जबकि विद्या सागर आचार्य की विशेष उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने बीकानेर के इतिहास को स्वर्णिम बताते हुए यहां की समृद्ध कला, संस्कृति, परंपराओं और रीति-रिवाजों की सराहना की। उन्होंने वर्तमान समय की चुनौतियों पर भी विचार व्यक्त करते हुए नागरिकों से अपील की कि वे बीकानेर के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
समारोह की शुरुआत राव बीकाजी प्रतिमा परिसर, जूनागढ़ स्थित प्रतिमा पर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पारंपरिक पूजा-अर्चना से हुई। इसके पश्चात सम्मान समारोह आयोजित किया गया। स्वागत उद्बोधन कमल रंगा ने दिया, जबकि संस्था की पांच दिवसीय गतिविधियों की जानकारी नरेंद्र सिंह स्याणी द्वारा प्रस्तुत की गई।
18 विभूतियों को किया गया सम्मानित
राव बीकाजी संस्थान द्वारा प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर बीकानेर का नाम राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करने वाले 18 विशिष्ट व्यक्तित्वों एवं एक संस्था को सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में डॉ. सोनू शिवा को करणी माता अवॉर्ड, वरिष्ठ पत्रकार रमेश महर्षि को राव बीदा अवार्ड, बृजमोहन आचार्य को राव बेलोजी पड़िहार अवार्ड, चित्रकार योगेंद्र कुमार पुरोहित को महाराजा अनूप सिंह अवार्ड, साहित्यकार एवं उदघोषक प्रमोद कुमार शर्मा को जनकवि बुलाकी दास बावरा गीतकार अवार्ड, साहित्यकार रवि शुक्ल को पंडित विद्याधर शास्त्री अवॉर्ड, मोटिवेशनल स्पीकर डॉ. चंद्रशेखर श्रीमाली को महाराजा रायसिंह अवार्ड, रम्मत कलाकार कृष्ण कुमार बिस्सा को पीर गोविंददास अवॉर्ड, शिक्षाविद डॉ. मेघना शर्मा को राजमाता सुशीला कुमारी स्मृति अवार्ड, कवयित्री रजनी छाबड़ा, रफीक राजा और डॉ. बीबीएस कपूर को बीकाणा अवार्ड, निशानेबाज श्रद्धा सिंह परमार को महाराजा करणी सिंह अवार्ड, फोटो जर्नलिस्ट नौशाद अली को राव बीका अवार्ड, उद्योगपति विनोद बाफना को महाराजा गंगासिंह अवार्ड, रंगकर्मी रमेश शर्मा को अज़ीज़ आजाद स्मृति अवार्ड युवा साहित्यकार पुनीत रंगा को ठाकुर सूरजमाल सिंह चलकोई राजस्थानी प्रोत्साहन अवार्ड तथा ‘अपना घर आश्रम’ को देश दीवान राव दुलेसिंह बीदावत अवार्ड दिया गया।
इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाली युवा प्रतिभाओं को भी सम्मानित कर प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में राजेंद्र जोशी, रामलाल सोलंकी, इरशाद अज़ीज़, आत्माराम भाटी, डॉ. पवन दाधीच, अभिषेक आचार्य, डॉ. मोहम्मद फारूक चौहान, अजीज भुट्टा एवं रामसहाय हर्ष सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भूमिका निभाई।
कार्यक्रम का संचालन संजय पुरोहित द्वारा किया गया। उन्होंने बीकानेर के इतिहास और राव बीकाजी के जीवन वृत्त के बारे में बताया। इस दौरान शहर के विभिन्न वर्गों के मौजीज लोग मौजूद रहे।
