













बीकानेर,शहर की साहित्यिक परंपराओं को जीवंत रखते हुए शनिवार को ‘नगर बधापो’ कार्यक्रम का गरिमामयी आयोजन किया गया। इस विशेष आयोजन में शहर के प्रबुद्ध साहित्यकारों और कला प्रेमियों ने एकजुट होकर विशिष्ट लेखिका मोनिका गौड़ का भव्य अभिनंदन किया।
कार्यक्रम की विशिष्टता यह रही कि यह किसी औपचारिक मुख्य अतिथि के बजाय साहित्यकारों के आत्मीय सान्निध्य में संपन्न हुआ। मंच पर इंद्रा व्यास के सान्निध्य के साथ पंचम सुर संस्थान की आर्य सोनी एवं मोनिका गौड़ आसीन रहीं। ‘नगर बधापो’ की भावनाओं को स्वर देते हुए विजयलक्ष्मी आचार्य ने अभिनंदन पत्र का वाचन किया, जिसकी शब्द-रचना और प्रस्तुति की उपस्थित जनों ने भूरि-भूरि प्रशंसा की।
इससे पूर्व कार्यक्रम का प्रारंभ बाबूलाल छंगाणी के स्वागत भाषण से हुआ। आयोजन में वागेश्वरी साहित्य कला सांस्कृतिक विरासत संस्था के शकूर बीकाणवी, सलीम सिसोदिया, राजाराम स्वर्णकार और नासीर जैदी ने मोनिका जी का सम्मान किया। साथ ही हरिकिशन व्यास, डॉ. फारूक चौहान, मधुरिमा सिंह, बसंती हर्ष, विकास प्रकाशन के विकास कुमार, रेणुका व्यास और नीलम सहित कई गणमान्य जनों ने लेखिका को अपनी शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
’नगर बधापो’ के इस मंच का सफल संचालन विप्लव व्यास ने किया। इस दौरान साहित्य जगत की जानी-मानी हस्तियां जैसे हरीश बी शर्मा, रवि पुरोहित, भुवन व्यास, कवि चौपाल के रामेश्वर बाड़मेरा ‘साधक’, ब्राह्मण स्वर्ण सुगंधा महिला समिति की अंजू व मंजू, और जाकिर अदीब उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में कैलाश टाक ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया।
