Trending Now

बीकानेर,शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वावधान में तिलक नगर क्षेत्र में आयोजित नौ कुंडीय गायत्री महायज्ञ के दूसरे दिन श्रद्धा, भक्ति और समाज जागरण का अनूठा संगम देखने को मिला। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर यज्ञ में आहुतियां अर्पित कीं और विश्व शांति व मानव कल्याण की कामना की।

कार्यक्रम का शुभारंभ गुरु वंदना से किया गया। इसके बाद विधि-विधान से देव पूजन, देव आवाहन, न्यास, प्राणायाम तथा अग्नि स्थापना की प्रक्रिया संपन्न हुई। यज्ञ के दौरान श्रद्धालुओं ने गायत्री मंत्र के उच्चारण के साथ आहुतियां अर्पित कीं। यज्ञ में विशेष रूप से महाकाल की पांच आहुतियां, रुद्र के लिए आहुतियां तथा विभिन्न देवी-देवताओं के लिए विशेष आहुतियां दी गईं। कार्यक्रम स्थल पर हनुमान जी का मंदिर होने के कारण भगवान हनुमान के लिए भी विशेष आहुतियां अर्पित की गईं।

यज्ञ के माध्यम से विश्व शांति, जनकल्याण, महामारियों से बचाव और मानवता की रक्षा की कामना की गई। वर्तमान समय में कोरोना जैसी महामारियों, विश्व में बढ़ती उथल-पुथल और अकाल मृत्यु से बचाव के लिए भी विशेष प्रार्थनाएं व आहुतियां अर्पित की गईं।

इस अवसर पर 20 महिलाओं और 12 पुरुषों ने संकल्प लिया कि वे समाज में भारतीय संस्कृति और ज्ञान के प्रसार के लिए कार्य करेंगे। साथ ही उन्होंने कम से कम पांच-पांच लोगों तक साहित्य पहुंचाकर उन्हें भारतीय संस्कृति, संस्कार और ज्ञान से जोड़ने का संकल्प भी लिया।

कार्यक्रम के दौरान पूरे पांडाल में देशभक्ति और जागरण के नारों से वातावरण गूंज उठा। “हम बदलेंगे, युग बदलेगा”, “देश की रक्षा कौन करेगा – हम करेंगे, हम करेंगे”, “जागेगी भाई जागेगी नारी शक्ति” और “भारत माता की जय” जैसे उद्घोषों से श्रद्धालुओं में उत्साह और जोश का माहौल बना रहा।

मुख्य यज्ञ कर्ता गोपाल स्वामी के ज्ञान और वाणी से सभी श्रोतागण मंत्र मुग्ध हो गए इस अवसर पर डॉ. सोनाली सक्सेना के नेतृत्व में महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई और समाज में ज्ञान, संस्कार व जागरूकता के प्रसार के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। महिला कार्यकर्ताओं में ललिता शर्मा, उमा गुप्ता ,पूनम सुथार और मधु चौधरी सहित अन्य सदस्यों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

कार्यक्रम में महिला कार्यकर्ताओं के साथ-साथ बच्चों,बालक-बालिकाओं और कन्याओं की भी विशेष भागीदारी रही। कन्याओं द्वारा श्रद्धालुओं का जल से अभिषेक किया गया तथा पुष्प वर्षा कर आशीर्वाद स्वरूप स्वागत किया गया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।

भारत भूषण गुप्ता के निर्देशन में 9 दिवसीय यज्ञ कर्म प्रशिक्षण सत्र का भी आज यहां यज्ञशाला में समापन हुआ । गायत्री परिवार के द्वारा यज्ञ के समापन पर सभी श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा कर आशीर्वाद प्रदान किया गया। श्रद्धालुओं ने विश्व शांति, मानव कल्याण और सकारात्मक परिवर्तन की कामना के साथ यज्ञ में अपनी आहुतियां अर्पित कीं।

Author