Trending Now

बीकानेर,अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर शहर की प्रसिद्ध गाइनकोलॉजिस्ट (Gynaecologist) डॉ. शेफाली दाधीच के अस्पताल में महिला स्टाफ के सम्मान में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान अस्पताल की सबसे वरिष्ठ नर्सिंग स्टाफ सदस्य क्रिस्टीना को डॉ. शेफाली दाधीच ने अपनी सीट पर बैठाकर सम्मानित किया। यह भावपूर्ण क्षण वहां मौजूद सभी कर्मचारियों के लिए प्रेरणादायक रहा तथा लंबे समय से सेवा दे रही नर्सिंग स्टाफ के प्रति सम्मान और आभार प्रकट करने का संदेश भी दिया गया।

इस अवसर पर अस्पताल की सभी महिला कर्मचारियों को एकत्रित कर केक काटकर अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं दी गईं। कार्यक्रम में अस्पताल के संचालक डॉ. अरुण तुनगरिया ने भी महिला स्टाफ को महिला दिवस की बधाई देते हुए उनके समर्पण और सेवाभाव की सराहना की। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और उनकी निष्ठा व समर्पण समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।

कार्यक्रम के दौरान महिलाओं के स्वास्थ्य से जुड़े विषयों पर भी चर्चा की गई। डॉ. शेफाली दाधीच ने उपस्थित स्टाफ को एचपीवी (HPV) वैक्सीन के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि यह वैक्सीन महिलाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने कहा कि समय पर टीकाकरण करवाकर महिलाएं इस गंभीर बीमारी के खतरे को काफी हद तक कम कर सकती हैं, इसलिए इस विषय में जागरूकता बहुत आवश्यक है।

इस मौके पर अस्पताल में कार्यरत सभी महिला कर्मचारियों को पुष्प भेंट कर सम्मानित किया गया तथा उनके द्वारा दी जा रही सेवाओं के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया गया। पूरे कार्यक्रम का माहौल उत्साह, सम्मान और आपसी सौहार्द से भरपूर रहा।

डॉ. शेफाली दाधीच शहर की जानी-मानी गाइनकोलॉजिस्ट हैं। वे चिकित्सा सेवा के साथ-साथ सोशल मीडिया पर भी काफी सक्रिय हैं, जहां उनके लाखों फॉलोअर्स हैं। सोशल मीडिया के माध्यम से वे महिलाओं के स्वास्थ्य से जुड़े विषयों पर जागरूकता फैलाने का कार्य कर रही हैं, जिससे बड़ी संख्या में महिलाएं लाभान्वित हो रही हैं और समाज में महिलाओं के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता भी लगातार बढ़ रही है।

Author