














बीकानेर,समाज कल्याण सप्ताह के दूसरे दिन राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को गांधी पार्क में सर्वधर्म प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। प्रातः 8 बजे आयोजित कार्यक्रम में संभागीय आयुक्त विश्राम मीणा,नगर निगम महापौर अनिल कल्ला,उप महापौर पंकज गहलोत सहित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।
इस अवसर पर एडीएम प्रशासन उम्मेद सिंह रतनु, एडीएम सिटी रीना छिंपा, बीडीए आयुक्त स्नेहल धायगुडे नाना, नगर निगम आयुक्त सिद्धार्थ पलानीचामी, सीईओ जिला परिषद शैलजा पांडे, एसडीएम बीकानेर महिला कसाना, आईएएस स्वाति शर्मा, आईएएस मनु गर्ग, डीएफओ जी. वेंकटेश, डीएफओ वाइल्डलाइफ तरुण मेहरा, तहसीलदार विनोद पूनिया, समाज कल्याण विभाग के संयुक्त निदेशक मनोज कुमार गहलोत, पार्षद सुरेन्द्र सिंह शेखावत, पार्षद नवरतन डागा, पार्षद भगवती गौड़, पार्षद निशा पारीक, पार्षद सुभाष स्वामी, पार्षद यूनुस अली समेत समाज कल्याण विभाग से मुकेश भाटी, उमा शंकर प्रजापत, सुदेश रांकावत, विजय शंकर व्यास, इनायत हुसैन, राम कुमार खड़गावत समेत अन्य गणमान्यजनों ने भी महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन कर याद किया।
भजनों से दिया सर्वधर्म सद्भाव का संदेश
कार्यक्रम में भारत स्काउट व गाइड की टीम की ओर से सर्वधर्म प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान महात्मा गांधी के प्रिय भजनों ‘रघुपति राघव राजा राम’, ‘वैष्णव जन तो तेने कहिए’ सहित निर्गुण भजनों की भावपूर्ण एवं मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं। प्रभु दयाल गहलोत, अमी नागर एवं यश्विता पारीक ने भजनों की प्रस्तुति दी।
इस अवसर पर भारत स्काउट व गाइड के सहायक राज्य संगठन आयुक्त रामजस लिखाला, सीओ स्काउट जसवंत सिंह राजपुरोहित, सीओ गाइड मीनाक्षी भाटी, स्काउट मास्टर व संगीतज्ञ बशीर अहमद, सचिव प्रभु दयाल गहलोत, चंद्रशेखर सांवरिया सहित महारानी स्कूल, राजकीय डूंगर महाविद्यालय, लेडी एल्गिन स्कूल, जैन कॉलेज, महारानी स्कूल एवं एनडी ज्ञानदीप स्कूल के विद्यार्थियों ने भजनों की प्रस्तुतियां में सहयोग किया।
1 से 7 अक्टूबर तक मनाया जा रहा समाज कल्याण सप्ताह
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के संयुक्त निदेशक मनोज कुमार गहलोत ने बताया कि जिले में 1 से 7 अक्टूबर तक समाज कल्याण सप्ताह आयोजित किया जा रहा है। सप्ताह के दौरान समाज के वंचित, गरीब, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़ा वर्ग, वयोवृद्ध, महिलाओं, बच्चों तथा विशेष योग्यजनों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित करने के साथ ही सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध जनचेतना जागृत करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि बाल विवाह, दहेज प्रथा, मृत्यु भोज एवं नशाखोरी जैसी सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन के लिए भी जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
