














बीकानेर, वेटरनरी विश्वविद्यालय, बीकानेर द्वारा प्रदेश के समस्त वेटरनरी महाविद्यालयों में सत्र 2026-27 के लिए बी.वी.एस.सी. एण्ड ए.एच. स्नातक पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए स्टेट एवं मैनेजमेंट कोटा की सीटों के लिए काउंसलिंग का प्रथम चरण बुधवार को सम्पन्न हुआ। वेटरनरी विश्वविद्यालय, बीकानेर के कुलगुरु डॉ. सुमंत व्यास काउंसलिंग की पारदर्शिता सुनिश्चित करने हेतु काउंसिलिंग प्रक्रिया के दौरान उपस्थित रहे। स्नातक प्रवेश बोर्ड के चेयरमेन प्रो. राजेश कुमार धूड़िया ने बताया कि काउंसलिंग से राजुवास बीकानेर, रूवास जोबनेर के संघटक एवं सम्बद्ध निजी वेटरनरी महाविद्यालयों और टांटिया यूनिवर्सिटी का श्रीगंगानगर वेटरनरी महाविद्यालय में स्नातक पाठ्यक्रम के लिए प्रवेश हेतु स्टेट एवं मैनेजमेंट कोटा की काउंसलिंग आयोजित की गई जिसमें कुल 743 सीटों पर प्रवेश दिया गया। अभ्यर्थियों को नीट यू.जी. 2026 की मेरिट सूची, उपलब्ध सीटों की संख्या और राज्य सरकार की आरक्षण नीति के अनुसार प्रवेश दिया गया है। काउंसलिंग के दौरान अभ्यर्थियों के शैक्षणिक एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजो की जांच की गई तथा दस्तावेज सत्यापन के बाद प्रवेश दिए गए। विस्तृत जानकारी विश्वविद्यालय की वेबसाईट www.rajuvas.ac.in पर उपलब्ध है।
