Trending Now

बीकानेर,जयपुर,अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर संयुक्त अभिभावक संघ ने प्रदेश में बालिकाओं की सुरक्षा, शिक्षा और सम्मान को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए राज्य सरकार से विशेष कानून बनाने की मांग की है। संघ ने कहा कि स्कूल, कॉलेज, कोचिंग सेंटर और सार्वजनिक स्थानों पर बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सख्त कानूनी व्यवस्था और जवाबदेही तय करना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन चुकी है।

संयुक्त अभिभावक संघ प्रदेश प्रवक्ता अभिषेक जैन बिट्टू ने कहा कि विगत सवा दो वर्षों के दौरान राजस्थान में बालिकाओं और महिलाओं के खिलाफ अपराधों के आंकड़े अत्यंत चिंताजनक हैं। मीडिया में जारी राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) की रिपोर्ट के अनुसार वर्ष 2023 में राजस्थान में 5,194 दुष्कर्म के मामले दर्ज हुए, जो देश में सबसे अधिक हैं। इसी तरह वर्ष 2025 के दौरान राज्य में 6932 दुष्कर्म के मामले दर्ज हुए, जो यह दर्शाते हैं कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर स्थिति बेहद गंभीर है। सरकार द्वारा विधानसभा में प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार जून 2021 से जून 2024 के बीच नाबालिग बालिकाओं के साथ यौन अपराधों के 14,731 मामले दर्ज किए गए, जो पूरे समाज और व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा करते हैं।

Author