











बीकानेर,भारतीय किसान संघ, जिला बीकानेर के तत्वावधान में 9 मार्च को कलेक्ट्री के सामने “किसान शक्ति संगम” का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बीकानेर की प्यासी धरती की पुकार को सरकार तक पहुंचाना तथा “हर खेत को पानी – हर खेत को रास्ता ” के संकल्प को साकार करना है। जिला अध्यक्ष के नेतृत्व में आयोजित इस किसान शक्ति संगम में जिलेभर के किसान बड़ी संख्या में भाग लेंगे। संघ का स्पष्ट कहना है कि इस बार नहर का पानी जिले के प्रत्येक खेत तक पहुँचे, ताकि किसानों को बार-बार जल संकट और फसल नुकसान का सामना न करना पड़े।
भारतीय किसान संघ ने किसानों की विभिन्न ज्वलंत समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए निम्न मांगें रखी हैं—
प्रत्येक खेत तक पर्याप्त नहरी पानी की सुनिश्चित आपूर्ति की जाए।
फसल खराबे का सही आकलन कर शीघ्र व उचित मुआवजा दिया जाए।
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में व्यावहारिक सुधार कर पारदर्शिता लाई जाए।
सिंचाई विभाग द्वारा 179 आरडी तक पानी पूर्ण क्षमता से पहुंचाया जाए।
टेल क्षेत्र के किसानों को प्राथमिकता के आधार पर पानी उपलब्ध कराया जाए।
समर्थन मूल्य (MSP) पर समय पर खरीद प्रारंभ कर किसानों को राहत दी जाए।
बिजली आपूर्ति नियमित व पर्याप्त समय तक सुनिश्चित की जाए।
नकली बीज, खाद व कीटनाशकों पर सख्त कार्रवाई हो तथा गुणवत्ता नियंत्रण किया जाए।
कृषि उपज मंडियों में किसानों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
राजस्व व भूमि संबंधित मामलों का त्वरित निस्तारण किया जाए।
संघ पदाधिकारियों ने कहा कि यदि किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। “किसान शक्ति संगम” के माध्यम से प्रशासन को किसानों की एकजुटता और संकल्प का संदेश दिया जाएगा।
भारतीय किसान संघ ने जिले के सभी तहसील व ग्राम स्तर के पदाधिकारियों एवं किसानों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया है।
