













बीकानेर,जिला कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी निशांत जैन ने शनिवार को जनगणना-2027 के प्रथम चरण (मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना) सहित अन्य गतिविधियों की तैयारियों की समीक्षा की।
जैन ने कहा कि राज्य में जनगणना-2027 के प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना के स्वगणना का कार्य 1 से 15 मई तक तथा फील्ड कार्य 16 मई से 14 जून तक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आमजन तक इस महत्वपूर्ण कार्य को प्रचारित किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक तक जनगणना का संदेश पहुंचे तथा आमजन इसका महत्त्व समझते हुए इसमें पूर्ण सहयोग करें।
उन्होंने जनगणना-2027 डेटा के संग्रहण और प्रसार की गुणवत्ता, दक्षता तथा समयबद्धता को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से डिजिटल प्रौद्योगिकी का व्यापक उपयोग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रगणकों द्वारा डेटा संकलन के लिए समर्पित मोबाईल अनुप्रयोग का उपयोग किया जाएगा। इसके लिए आवश्यक प्रशिक्षण दिया जाए। आमजन के लिए 1 से 15 मई 2026 तक स्वगणना की सुविधा वेब पोर्टल (https://se-census.gov.in) के माध्यम से करवाई जाएगी। यह पोर्टल डेटा संकलन के प्रारंभ होने से ठीक पूर्व 15 दिनों की अवधि के लिए आम जन के लिए खुला रहेगा। यह वेब पोर्टल अंग्रेजी, हिन्दी तथा 14 क्षेत्रीय भाषाओं में उपलब्ध है, परिवार का कोई भी एक सदस्य स्व-गणना की प्रक्रिया पूर्ण करते हुए परिवार संबंधी विवरण दर्ज कर सकता है। उन्होंने बताया कि स्व-गणना पहचान संख्या अपने मोबाईल अथवा ईमेल पर प्राप्त कर सकता है, जिसे प्रगणक के साथ साझा करना आवश्यक होगा।
जिला कलेक्टर ने जिले में जनगणना से जुड़े अब तक के कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि समस्त 17 चार्ज स्तर (11 तहसील एवं 6 नगर पालिका) पर चार्ज यूजर) का निर्माण कर दिया गया है। समस्त चार्ज स्तर पर मकान सूचीकरण 3 हजार 386 ब्लॉकों का गठन तथा प्रकार निर्धारण कर मकान सूचीकरण किया जा चुका है। खाजूवाला, पूगल, श्रीडूंगरगढ़, जसरासर तहसील एवं खाजूवाला, देशनोक नगरपालिका में मकान सूचीकरण ब्लॉक का स्थिरीकरण किया जा चुका है। उन्होंने शेष चार्ज में स्थिरीकरण का कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने मानव संसाधन प्रबन्धन (फील्ड ट्रेनर्स/प्रगणक व पर्यवेक्षक का चयन एवं नियुक्ति, उपकरणों की खरीद, तकनीकी सहायकों व एमटीएस की नियुक्ति) की समीक्षा की।
संयुक्त निदेशक (सांख्यिकी) धर्मपाल खींचड़ ने बताया कि 64 फील्ड ट्रेनर्स के साथ समस्त चार्ज स्तर (कुल 3147) वास्तविक प्रगणक एवं 331 रिजर्व प्रगणक व 585 वास्तविक एवं 69 रिजर्व पर्यवेक्षकों का चयन पर किया जा चुका है। प्रगणकों तथा पर्यवेक्षकों का सीएमएमएस पोर्टल पर पंजीकरण का कार्य प्रगति पर है। इस दौरान नगर निगम आयुक्त सिद्धार्थ पलनीचामी, अतिरिक्त कलेक्टर (प्रशासन) सुरेश कुमार यादव मौजूद रहे।
